दिल्ली के श्रद्धा कत्लकांड से भी ज्यादा दिल दहलाने का मामला झारखंड में सामने आया है, जहां 25 साल के दिलदार अंसारी ने पत्नी रिबिका पहाड़िन को मारकर उसके शरीर के 50 से ज्यादा टुकड़े किए। पत्नी के शव को उसने इलेक्ट्रिक कटर से टुकड़े किए। इतना ही नहीं अंसारी ने शव के कुछ टुकड़े घर में छिपा दिए जबकि बाकी टुकड़े मोहल्ले के आसपास सुनसान जगहों पर फेंके। इन टुकड़ों को कुत्ते नोच-नोच के खा रहे थे। जब लोगों ने कुत्तों को इंसानी मांस खाते देखा तो इसी सूचना तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद ही सारा मामला खुला। पुलिस ने बेला टोला से दिलदार अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आंगनवाड़ी केंद्र से तकरीबन 300 मीटर दूर स्थित मांझटोला के एक बंद पड़े मकान से शव के टुकड़े बरामद किए हैं। कुछ टुकड़े फर्श पर बिखरे हुए थे तो कुछ बोरे में भरकर रखे थे। बता दें कि अब तक पुलिस को शरीर के 14 टुकड़ें मिले हैं व सिर समेत दूसरे अंगों की तलाश पुलिस कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुत्ते पैर और सीने के टुकड़ों को खा रहे थे।
आदिम पहाड़िया जनजातीय समुदाय से थी रिबिका
बता दें कि 22 साल की रिबिका आदिम पहाड़िया जनजातीय समुदाय की थी। रिबिका साहेबगंज के डोडा पहाड़ की रहने वाली थी। दोनों ने एक महीने पहले ही लव मैरिज की थी। दिलदार की ये दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसे एक बच्चा भी है। हालांकि रिबिका और दिलदार के परिवार वालों को यह शादी मंजूर नहीं थी। रिबिका 6 भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। दिलदार ने बताया कि रिबिका को अपने मामा के घर ले गया। वहां पर शुक्रवार को गला रेतकर हत्या की। फिर इलेक्ट्रिक कटर से 50 टुकड़े किए। पुलिस को शव के टुकड़े शनिवार शाम को मिले।
पुलिस ने ही करवाई थी दोनों की शादी
रिबिका और दिलदार में काफी समय से अफेयर था, लेकिन दोनों शादी के लिए परिवार राजी नहीं था। रिबिका के पिता सुर्जा पहाड़िया और मां चांदी पहाड़िन दोनों के संबंधों का विरोध कर रहे थे। एक महीने पहले दोनों घर से भाग कर थाने पहुंचे थे। यहां पुलिस ने दोनों की शादी कराई थी। शव के टुकड़े मिलने पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस दिलदार के घर पहुंचकर रिबिका के बारे में पूछा। दिलदार ने इस बारे में कुछ नहीं बता पाया। इसे लेकर पुलिस ने अब तक कुछ स्पष्ट नहीं बताया है। पुलिस ने शुरुआती जानकारी देते हुए कहा कि दोनों ने एक महीने पहले लव मैरिज की थी। युवती के माता-पिता को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। दोनों साथ रह रहे थे, लेकिन दोनों के बीच झगड़े होते थे। हाल में ही दोनों के बीच के विवाद बढ़ गया था। इसके बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।
इलाके में कैंप कर रहे हैं पुलिस अधिकारी
इस मामले के बाद पुलिस एक्शन मोड में हैं । कई वरिष्ठ अधिकारी जिनमें साहिबगंज के एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी साहेबगंज में कैंप कर रहे हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है।अब तक कई सवाल हैं जिसके जवाब नहीं मिले हैं। हत्या कितने दिन पहले हुई है ? क्या शरीर के कुछ हिस्से को इसी तरह फेंक दिया गया है ? हत्या की प्रमुख वजह क्या थी ? पुलिस आरोपी से इन सवालों के जवाब तलाशने में लगी है।