साल 2023 में बॉलीवुड की फर्स्ट स्टार वेडिंग सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की होगी। 4 साल के लंबे रिलेशनशिप के बाद अब दोनों 6 फरवरी को सात फेरे लेने जा रहे हैं। वहीं इस रॉयल वेडिंग का डेस्टिनेशन भी कोई आम नहीं है। दोनों ने इंडिया के टॉप 15 वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल जगह को पसंद किया है। ये जगह मुंबई से बहुत दूर राजस्थान में है। स्टार कपल जैसलमेर के रेतीले धोरों के बीच सूर्यगढ़ होटल में 6 फरवरी को शादी के बंधन में बंधेगा।

शहर से 16 किमी दूर है सूर्यगढ़ होटल
जैसलमेर का सूर्यगढ़ होटल शहर से करीब 16 किमी दूर सम रोड पर स्थित है। होटल को जयपुर निवासी एक व्यवसायी ने दिसंबर 2010 में बनाया था। करीब 65 एकड़ के एरिया में फैला ये होटल जैसलमेर के पीले पत्थरों से बना है। ये डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए दुनियाभर में मशहूर है। आपको शादी के लिए बेस्ट रूम के साथ स्विमिंग पूल और 65 एकड़ की होटल में शादी के सारे फंक्शन करने के लिए शानदार लोकेशन मिल जाती है।
कियारा-सिद्धार्थ बावड़ी में लेंगे 7 फेरे
होटल में शादी के फंक्शन के लिए अलग-अलग प्लेस बने हुए हैं। होटल का इंटीरियर और लोकेशन मेहमानों को काफी पसंद आतें हैं। इस कारण ही दोनों ने सूर्यगढ़ को शादी के लिए चुना है। होटल में बावड़ी नाम से एक जगह है। ये जगह स्पेशल शादी के फेरों के लिए बनाई गई है। मंडप के चारों ओर चार पिलर लगाए गए हैं। इस मंडप में ही कियारा-सिद्धार्थ फेरे लेंगे। होटल के 2 बड़े गार्डन लेक साइड पर स्थित हैं। जहां एक हजार से ज्यादा मेहमान आ सकते हैं।

कियारा को यहां लगेगी मेंहदी- होटल के सबसे बड़े कोर्ट यार्ड संगीत, हल्दी और मेंहदी के लिए बेस्ट प्लेस हैं। चारों तरफ पीले पत्थरों से बनी नक्काशीदार जालियों के साथ ऊंची बिल्डिंग में लंबे पर्दे लगाकर खूबसूरत बनाया जाता है। यहां डिनर का प्रति व्यक्ति 15 हजार रुपए चार्ज किया जाता है। स्टार के कपल के शादी के फंक्शन भी इसी जगह होंगे।
2 करोड़ एक दिन का खर्च
होटल में सबसे ज्यादा डेस्टिनेशन शाही शादियों का आयोजन होता है। डेस्टिनेशन वेडिंग करने के लिए अप्रैल से सितंबर महीने में बिना अल्कोहल के एक दिन का खर्च करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बताया जाता है। वहीं पर्यटन सीजन में बुक करवाने पर अक्टूबर से मार्च में करीब 2 करोड़ रुपए प्रतिदिन चार्ज किया जाता है।
एक रूम का किराया 2 लाख रुपए तक
किले नुमा इमारत में खूबसूरत पत्थरों पर नक्काशी के साथ-साथ शानदार इंटीरियर भी है। होटल में राजस्थानी अंदाज में मेहमानों का स्वागत किया जाता है। पीले पत्थरों से बने होटल में 3 कैटेगरी में रूम अवेलेबल हैं, जिनका एक दिन का किराया 20 हजार से लेकर 2 लाख रुपए तक है। यहां आने वाले को राजशाही ठाटबाट का एहसास होता है। मेहमानों के लिए अलग-अलग सुविधा भी है।