पंजाब के फिरोजपुर से कनाडा गए 23 साल के सिख युवक नरिंदर सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई है। मध्यवर्गी परिवार के नरिंदर सिंह अपने माता-पिता की आर्थिक मदद के लिए विदेश गए थे, लेकिन 4 जनवरी को उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई। अब उनके दोस्त शव को भारत भिजवाने के लिए फंड इकट्ठा करने की कोशिश में जुटे हैं।
कुछ महीने पहले ही मिला था वर्क परमिट
नरिंदर सिंह मूल रूप से फिरोजपुर के जीरा के रहने वाले थे। 2019 में वह स्टडी वीजा पर कनाडा गए थे। उन्होंने कैंब्रिज ओंटारिया के कॉन्स्टोगा कॉलेज से हाई स्कूल डिप्लोमा किया था। तीन साल की कड़ी मेहनत के बाद ही उन्हें कुछ महीने पहले वर्क परमिट मिला था। नरिंदर को वर्क परमिट मिलने के बाद परिवार भी खुशा था कि उनकी आर्थिक तंगी दूर होगी और उनका बेटा भी पैरों पर खड़ा हो पाएगा। लेकिन यह खुशी अधिक समय के लिए नहीं थी।
फंड्स इकट्ठा करने में जुटे दोस्त
कनाड़ा में नरिंदर सिंह के दोस्त अर्शदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, इंद्रप्रीत सिंह और सतनाम सिंह उनके शव को भारत भेजने के लिए फंड इकट्ठा कर रहे हैं। उनका कहना है कि नरिंदर मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे सभी नरिंदर सिंह के शरीर को भारत भेजने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि परिवार अंतिम क्रियाओं को कर सके। इसके साथ ही वह उनके परिवार को आर्थिक रूप से समर्थन देने के लिए पैसे जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।