उत्तर भारत में और बढ़ेगी सर्दी, कोहरे से नहीं राहत

0
67

दिल्ली समेत देश के उत्तरी हिस्सों में लगातार ठंड का बढ़ना जारी है और पिछले कुछ दिनों से लगातार घना काेहरा छाया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा से लेकर बिहार तक 11 राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। श्रीनगर में चिलईकलां का दौर जारी है, इसके चलते पारा -5 पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। पंजाब में ठंड लगातार बढ़ रही है। वहीं पंजाब में 25 दिसंबर से स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं। ठंड की वजह से बिहार में दाे और लाेगाें की माैत हाे गई है। भागलपुर में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शीतलहर काे देखते हुए बिहार में स्कूल 31 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। उधर हरियाणा में भी 5.8 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है।

कोहरे से नहीं राहत, बढ़ेगी सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर से एक हफ्ते के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और त्रिपुरा में रात या सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। इन राज्यों में अगले दाे दिनाें में सर्दी और बढ़ सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार में घना काेहरा और कहीं-कहीं बारिश हाेने की संभावना है। दिल्ली में 26 दिसंबर काे पारा 4 डिग्री तक गिर सकता है।

पंजाब में बढ़ रही ठंड

पंजाब में ठंड में बढ़ोतरी हो रही है। पंजाब के 17 जिलों में दिन और रात का टेंपरेचर 16 डिग्री से कम है। लुधियाना, मंडी गोबिंदगढ़ और अमृतसर का एक्यूआई रात के समय रेड और दिन में ऑरेंज कैटेगरी में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अमृतसर में रविवार को बादल छाए रहने का अनुमान है। साथ ही यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया जाएगा।

इन राज्यों में पारा 7 डिग्री से नीचे

देश के उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान पांच से आठ डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में दिन में ठंड या बहुत अधिक ठंड। श्रीनगर में पारा -5.4 और पहलगाम में -6.4 डिग्री से. हुआ। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश के आसार।

हिमाचल के 10 शहरों ठंड का प्रकोप, हरियाणा में 2.8 डिग्री दर्ज

क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए हिमाचल में देशभर से सैलानी पहुंच रहे हैं। यहां 10 शहरों का तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। कई जगह तो माइनस 7.9 डिग्री तक गिर गया है। वहीं हरियाणा में रात का तापमान पिछले 24 घंटे में 2.1 डिग्री तक कम हो गया है, जबकि प्रदेश में रात का औसतन तापमान सामान्य से ढाई डिग्री तक कम है। महेंद्रगढ़ में रात का पारा 2.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 3.6 डिग्री, गुड़गांव में 4.2 डिग्री, झज्जर में 4.6, सोनीपत में 4.8, रोहतक में 5.2 डिग्री तापमान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here