कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह पुलवामा जिले में अवंतीपोरा के चुरसू से शुरू हुई। यात्रा में PDP चीफ महबूबा मुफ्ती अपनी बेटी समेत सैंकड़ों महिलाओं के साथ शामिल हैं। प्रियंका गांधी के भी पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को सुरक्षा में सेंध लगने के बाद राहुल गांधी ने यात्रा रोक दी थी। कांग्रेस ने सुरक्षा में चूक के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया था।
शनिवार को पंपोर के बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल के पास यात्रा का टी ब्रेक होगा। श्रीनगर के बाहरी इलाके स्थित पंठा चौक के ट्रक यार्ड में शनिवार रात विश्राम होगा। 29 जनवरी को पंठा चौक से यात्रा बोलेवर्ड रोड स्थित नेहरू पार्क तक जाएगी।

प्रियंका गांधी भी हो सकती हैं शामिल
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के भी पदयात्रा में शामिल होने की सूचना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं। वह अवंतीपोरा के चरसू से पदयात्रा का हिस्सा बन सकती हैं।
बिरला इंटरनेशनल स्कूल, पंपोर के पास जलपान के बाद रात का पड़ाव श्रीनगर के बाहरी इलाके में पंथा चौक में ट्रक यार्ड में होगा। रविवार को यात्रा पंथा चौक से शुरू होकर बुलवर्ड रोड पर नेहरू पार्क तक चलेगी। यात्रा फिलहाल कश्मीर के अनंतनाग जिले में है।

कल राहुल के सुरक्षा घेरे में घुस गए थे लोग
शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड में एंट्री के सिर्फ एक किलोमीटर बाद ही राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई थी। यहां राहुल के सुरक्षा घेरे में कई लोग घुस आए थे। इसके बाद पुलिस राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला को गाड़ी में बैठाकर अनंतनाग ले गई थी। अनंतनाग में राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था- यात्रा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। टनल से निकलने के बाद पुलिसकर्मी नहीं दिखे। मेरे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि हम और नहीं चल सकते। मुझे अपनी यात्रा रोकनी पड़ी। बाकी लोग यात्रा कर रहे थे।
सुरक्षा में चूक के बाद ये बयान सामने आए
राहुल गांधी ने कहा कि भीड़ को काबू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि हम यात्रा कर सकते। मेरी सुरक्षा में लगे लोगों की सलाह को दरकिनार करना मेरे लिए मुश्किल था जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक परेशान करने वाली है। भारत पहले ही दो PM और कई नेताओं को खो चुका है। हम यात्रियों के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग करते हैं। जम्मू-कश्मीर के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आरके गोयल बोले कि सरकार सुरक्षा के प्रति गंभीर है। भारत जोड़ो यात्रा के लिए सबसे अच्छी और संभव सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।