पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया। वह यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे थे। इसी दौरान उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत फगवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी रास्ते में ही मौत हो चुकी है। उन्हें हार्ट अटैक आया है।
जिसके बाद राहुल गांधी ने फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा रोक दी है। यह यात्रा आज लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। जिस दौरान यह घटना हो गई। करीब 8.45 पर उनकी तबियत बिगड़ी। जिसके बाद राहुल गांधी भी उनको देखने के लिए अस्पताल गए। चौधरी संतोख सिंह 76 साल के थे।
सुबह 9 बजे तक राहुल गांधी ने फिल्लौर के भटि्टयां तक का सफर पूरा किया और टी-ब्रेक के लिए यात्रा को रोका गया। टी-ब्रेक के लिए रुके राहुल गांधी चंद मिनट अंदर बैठने के बाद कार में कुछ कांग्रेसी नेताओं के साथ रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वह सांसद संतोष चोधरी को देखने गए हैं। यात्रा फिल्लौर के भटि्टयां में नंबरदार प्रभजोत सिंह के घर के बाहर ही खड़ी है
यात्रा के दौरान बेहोश हो गए
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस के जालंधर के सांसद संतोख चौधरी का शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। चौधरी फिल्लौर में राहुल गांधी के नेतृत्व वाले मार्च में हिस्सा ले रहे थे, जहां वह बेहोश हो गए। यात्रा में शामिल बाजवा ने कहा कि चौधरी को फगवाड़ा के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा अपने पंजाब चरण के तहत शनिवार सुबह यहां लाधोवाल से फिर शुरू हुई।
भारत जोड़ो यात्रा को रोक दिया गया
जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह को यात्रा के दौरान धक्का गया जिसके बाद वह खुद ही निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए पहुंचे जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। डाक्टर ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। निधन के कारण राहुल गांधी की और से भारत जोड़ो यात्रा रोक देने की सूचना आ रही हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी उनके जालंधर स्थित घर के लिए रवाना हो गए हैं।
पार्थिव शरीर को ले जाया जाएगा जालंधर
सांसद चौधरी संतोख सिंह की पार्थिव देह को उनके जालंधर शहर स्थित न्यू विजय नगर निवास पर लाया जा रहा है। वह दूसरी बार सांसद बने थे। इससे पहले वह कांग्रेस की 1992 से 1997 की सरकार में फिल्लौर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए राजिंदर कौर भट्ठल और हरचरण सिंह बराड़ के मंत्रिमंडल में भी बतौर मंत्री सेवाएं दे चुके हैं।
सीएम मान ने जताया शोक
भगवंत मान ने भी चौधरी संतोख सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सासंद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।