हिमाचल की धरती बार-बार भूकंप के झटकों से डोल रही है। शनिवार सुबह धर्मशाला और चंबा के बॉर्डर पर एक नहीं, बल्कि 2-2 बार भूकंप आया। पहली बार सुबह 5 बजकर 10 मिनट पर 2 से 3 झटके महसूस किए गए। रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.80 आंकी गई।
सुबह 5 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के झटके
दूसरी बार 5 बजकर 17 मिनट पर 3 से 4 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता पहले भूकंप से ज्यादा यानी 3.20 आंकी गई। इसका केंद्र धर्मशाला के साथ लगती धौलादार की पहाड़िया और चंबा जिले का बॉर्डर के साथ लगता क्षेत्र रहा है।
चंबा और कांगड़ा के कई गांवों में महसूस हुए झटके
पहले भूकंप का केंद्र भी धौलाधार की पहाड़ियों के नीचे का क्षेत्र RF अंदरला ग्रोन रहा। भूकंप के झटके चंबा और कांगड़ा जिले के आसपास के कई गांवों में महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि इन झटकों के बाद कुछ लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
कोई जानी नुकसान नहीं हुआ
गनीमत यह रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, मगर प्रदेश में बार-बार भूकंप के झटकों से लोग सहमे हुए हैं। बता दें कि हिमाचल के कांगड़ा, शिमला, किन्नौर, लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से अति संवेदनशील सिस्मिक जोन 5 में आते हैं। इसलिए यहां भूकंप से जान-माल के नुकसान का हर वक्त भय बना रहता है।