“2023 शानदार हो! यह आशा, खुशी और ढेर सारी सफलता से भरा हो। सभी को अद्भुत स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले।” नए साल के पहले दिन की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के लोगों और विदेश में रह रहे भारतीयों को नए साल की बधाई दी।
गुजरात के वडनगर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी की याद में प्रार्थना सभा आयोजित की गई है। 30 दिसंबर, 2022 को 100 वर्ष की आयु में उनका अहमदाबाद के अस्पताल में निधन हो गया था। शनिवार को एक गुजराती अखबार में उनके परिवार के सदस्यों की ओर से इस प्रार्थनासभा के आयोजन की जानकारी दी गई थी। वडनगर में लोगों का आने का सिलसिला जारी है।
नया साल 2023 का आगाज हो चुका है। महाराष्ट्र के सिद्धिविनायक मंदिर, वाराणसी के अस्सी घाट में सुबह होते ही साल की पहली आरती हुई। ऐतिहासिक स्थलों और टूरिस्ट स्पॉट पर लोगों की काफी भीड़ रही। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक नए साल के स्वागत का उत्साह इतना था कि लोगों में कोरोना का खौफ तक नहीं दिखा।
धर्मस्थलों आस्था का मेला

वाराणसी के घाट पर नए साल की पहली आरती के दर्शन के लिए लोगों में श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला।

उज्जैन में ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दरबार में भव्य भस्म आरती के साथ हुई। भस्म आरती के दर्शन करने के लिए देशभर के श्रद्धालु पहुंचे थे। रविवार को यहां 5 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने पहुंचने की संभावना है।

ओडिशा स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर के आसपास 20 से अधिक प्लाटून पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

महाराष्ट्र के सिद्धिविनायक मंदिर में पुजारियों ने सुबह की आरती की, जिसका सीधा प्रसारण उनकी आधिकारिक वेबसाइट और फेसबुक पेज पर किया गया।

चेन्नई स्थित सेंट ल्यूक चर्च में नए साल में श्रद्धालु प्रेयर करने पहुंचे। चर्च में नए साल को लेकर क्रिसमस से ही तैयारियां चलने लगी थीं।

दिल्ली के इंडिया गेट में नए साल का जश्न लोगों ने खूब उत्साह से मनाया। हालांकि दो साल कोरोना बंदिशों के चलते यहां इतनी रौनकें नहीं लग पाई थीं।

तिरंगे के रंग में रंगे गेटवे ऑफ इंडिया को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी