प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में नेशनल कैडेट कोर (NCC) की वार्षिक रैली में शामिल हुए। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। NCC इस साल अपनी स्थापना का 75वां वर्ष मना रहा है। इस मौके पर PM मोदी ने 75 रुपए मूल्य का एक स्मारक सिक्का भी जारी किया।
रैली हाइब्रिड डे और नाइट कार्यक्रम के रूप में आयोजित की जा रही है। इसमें एक भारत श्रेष्ठ भारत विषय पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
PMO के मुताबिक, वसुधैव कुटुम्बकम (दुनिया एक परिवार है) की सच्ची भारतीय भावना में 19 देशों के 196 अधिकारी और कैडेट्स को समारोह का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर PM मोदी बोले- आप नए भारत के अग्रदूत
बता दें पिछले बुधवार को यानी गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर PM मोदी ने NCC के कैडेट और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों को संबोधित किया था। जहां उन्होंने कहा कि NCC और NSS युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय लक्ष्यों और राष्ट्रीय सरोकारों से जोड़ते हैं। PM मोदी ने कहा कि युवा विकसित भारत के लाभार्थी हैं और उन्हें भविष्य के लिए राष्ट्र का निर्माण करना है। भारत के युवाओं को अनदेखी संभावनाओं का दोहन करना होगा और अकल्पनीय समाधानों का पता लगाना होगा।
स्वच्छ भारत अभियान को जीवन के मिशन के रूप में लें युवा
अपने संबोधन में PM मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक युवा को इसे जीवन के मिशन के रूप में लेना चाहिए और अपने इलाके, गांव, कस्बों और शहरों को साफ रखने की दिशा में काम करना चाहिए। इसी तरह उन्होंने उन्हें अमृत महोत्सव के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों पर कम से कम एक किताब पढ़ने के लिए कहा।