दिल्ली के बाहरी इलाके में रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में चूर पांच युवकों ने अपनी कार से युवती को कई किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। युवती कार में फंसी रही। युवती की हालत यह हो गई कि उसकी सारी हड्डियां चकनाचूर हो गई और उसके तन पर एक भी कपड़ा नहीं बचा। युवती के दोनों पैर, सिर व शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह कुचल गए, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
दिल्ली को दहला देने वाली यह घटना उस समय सामने आई है, जब नए साल के जश्न को लेकर पूरी दिल्ली पुलिस यहां तक दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा सड़कों पर थे। इसे देश की सबसे बड़ी सड़क दुर्घटना बताया जा रहा है। सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में कार चला रहे थे आरोपी
युवती के शव की पोस्टमार्टम प्रक्रिया चल रही है। आरोपी युवकों का कहना है कि वह शराब के नशे में थे और कार में तेज आवाज में गाने चला रखे थे। इस कारण उन्हें कार में युवती के फंसे होने का पता नहीं चला। युवती एक कार्यक्रम में ड्यूटी कर स्कूटी से अमन विहार स्थित अपने घर लौट रही थी। दिल्ली पुलिस इसे मात्र सड़क दुर्घटना बता रहे हैं पुलिस की थ्योरी पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। युवती के साथ कुछ गलत होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।
दिल्ली पुलिस के आउटर जिले के DCP हरेन्द्र सिंह ने इस बारे में जानकारी दी है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे पुलिस को खबर मिली कि कंझावला इलाके में एक लड़की सड़क किनारे बिना कपड़ों के पड़ी है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो लड़की का शव पड़ा दिखा।
सुल्तानपुर से कंझावला इलाके तक घिसटती गई लड़की
जांच में पता चला है कि 23 साल की लड़की अपनी स्कूटी से घर जा रही थी। उसी दौरान एक कार में सवार पांच लड़के रास्ते से गुजरे। उनकी कार से लड़की की स्कूटी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद लड़की घायल हालत में करीब 4 किलोमीटर तक सुल्तानपुर से कंझावला इलाके तक घिसटते हुए गई। इससे उसकी मौत हो गई।
आरोपियों का मेडिकल टेस्ट
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है, जिससे पता चले कि क्या वह नशे में थे। फिलहाल घटना से जुड़ा कोई सीसीटीवी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
स्वाती मालीवाल ने कहा- सच सामने आना चाहिए
इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- ‘दिल्ली के कंझावला में एक लड़की की नग्न अवस्था में लाश मिली, बताया जा रहा है कि कुछ लड़कों ने नशे की हालत में गाड़ी से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। ये मामला बेहद भयानक है, मैं दिल्ली पुलिस को हाजिरी समन जारी कर रही हूँ। पूरा सच सामने आना चाहिए।’