ये ठंड जारी रहेगीः पहाड़ी इलाकों में पारा माइनस, उत्तर भारत में घना कोहरा छाए रहने के आसार

0
59

जनवरी की शुरुआत के साथ ही ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में पारा माइनस से नीचे चला गया है। श्रीनगर में रविवार रात पारा -5.4 डिग्री तक नीचे चला गया। दिल्ली में ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूरे उत्तर भारत में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते फ्लाइट्स और ट्रेनों पर असर पड़ा। उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिन शीत लहर चलने का अलर्ट है। यूपी, बिहार, राजस्थान और पंजाब के स्कूलों में ठंड के चलते छुट्टियां कर दी गई हैं। उधर, घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई ट्रेन और फ्लाइट कोहरे के कारण लेट हो रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

जम्मू-कश्मीर: गुलमर्ग में -10 डिग्री पारा, बर्फबारी के बीच टूरिस्ट बढ़े

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का लगातार जारी है। गुलमर्ग में रविवार रात माइनस 10 डिग्री, पहलगाम में -9.5, श्रीनगर में -5.4 और कुपवाड़ा में -5.7, जम्मू में 4.2 डिग्री टेम्परेचर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 6 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की आशंका है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी जारी है। इस कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के डैनकुंड, कलातोप, अहला 6 इंच बर्फ से ढक गए हैं

दिल्ली: ज्यादातर इलाकों मेें सुबह कोहरा, 7.6 डिग्री पहुंचा पारा…आगे और गिरेगा

दिल्ली में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही ज्यादातर इलाके कोहरे की सफेद चादर में लिपटे नजर आए। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 5.5 दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।

पंजाब: अमृतसर में कोहरे के चलते विजिबिलिटी जीरो

पंजाब का धुंध की चपेट में है। सोमवार सुबह 7 बजे मौसम विभाग ने सैटेलाइट इमेज को जारी करके लोगों को शीतलहर और धुंध से सचेत किया है। विभाग ने आने वाले 4 दिन तापमान में लगातार गिरावट की चेतावनी जारी की है। इसके चलते पंजाब सरकार ने 8 जनवरी तक सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में स्टूडेंट्स व टीचर्स की छुटि्टयां बढ़ा दिया है। मौसम विभाग की तरफ से जारी चेतावनी के अनुसार पंजाब का माझा और दोआबा धुंध से सबसे अधिक प्रभावित है। धुंध से अमृतसर-चंडीगढ़ और अमृतसर-दिल्ली रूट पर असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक जाने का अनुमान। बाहरी क्षेत्रों में विजिबिलिटी शून्य रही। जालंधर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान 17 डिग्री के करीब रहने का अनुमान। लुधियाना न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री दर्ज किया।अधिकतम तापमान 17 डिग्री तक रहने का अनुमान है। बठिंडा में  इस साल बठिंडा एक बार फिर सबसे ठंडा रहा। दिन का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक ठंडा है।

हरियाणा का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री पहुंचा

हरियाणा में सोमवार को इस साल का पहला घना कोहरा सड़कों पर दिखाई दिया। शहर के साथ-साथ बाहरी इलाके में भी घनी धुंध छाई रही। साथ ही न्यूनतम तापमान भी लुढ़कर 3.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड देखने को मिलेगी।

झारखंड में बढ़ती ठंड के बीच छाए रहेंगे बादल

झारखंड में ठंड बढ़ गयी है और सोमवार सुबह कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। इसी तरह का मौसम 5 जनवरी तक रहने की संभावना जाहिर की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, छह जनवरी से ठंड और बढ़ सकती है। कोहरा और धुंध भी छाए रहेंगे।

बिहार के पटना, नालंदा समेत कई जिलों में 7 जनवरी तक स्कूल बंद

बिहार के सभी हिस्सों में 48 घंटे से कोहरे का असर है। इससे आवाजाही करने वालों को काफी परेशानी हुई। पटना में सुबह चार बजे विजिबिलिटी 25 मीटर थी और तापमान लगभग छह डिग्री था। इसके चलते पटना समेत कई जिलों में स्कूलों को 7 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

राजस्थान के फतेहपुर का तापमान 1 डिग्री, ज्यादातर शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे

राजस्थान में ठंड की स्थिति बनी हुई है, सोमवार को ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर का तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चूरू का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश में कड़ाके की सर्दी को देखते हुए5 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here