प्रियंका गांधी वाड्रा भी उतरी अखाड़े मेंः बोली-पहलवानों के आरोपों की जांच हो, खेल मंत्रालय ने मांगा जवाब

0
47

भारतीय पहलवान लगातार दूसरे दिन भी जंतर-मंतर पर धरना दे रहे है। विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने बुधवार को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रेसिडेंट बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि कोच भी सालों से महिला खिलाड़ियों का यौन शोषण कर रहे हैं। खेल मंत्रालय ने WFI से 72 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। हालांकि अब इस मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी जुड़ गई हैं और उन्होंने ट्वीट करके खिलाड़ियों की आवाज को सुनने की बात कही।

हालांकि इस मामले में WFI चीफ और सांसद बृजभूषण ने कहा कि एक भी आरोप सही निकले तो फांसी चढ़ा देना। उन्होंने कहा, “पहलवानी में सबसे बेहतर परफॉर्मेंस की उम्र 22 से 28 के बीच होती है। प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ी ओलिंपिक मेडल नहीं जीत सकते। यह वजह गुस्से में तब्दील हो रही है और इसीलिए वो प्रोटेस्ट कर रहे हैं

आरोपों की जांच हो-प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा “हमारे खिलाड़ी देश की शान हैं। विश्व स्तर पर अपने प्रदर्शन से वे देश का मान बढ़ाते हैं। कुश्ती फेडरेशन व उसके अध्यक्ष पर खिलाड़ियों ने शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन खिलाड़ियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

फोगाट खाप ने दिया समर्थन

फोगाट खाप ने विनेश फोगाट के आरोपों को सही बताते हुए धरने पर बैठे पहलवानों का समर्थन किया है। फोगाट खाप ने दोपहर में सभी खापों की बैठक भी बुलाई है।

बृजभूषण सिंह ने खेल मंत्री से बात की

आरोपों से घिरे कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बात की है। उन्होंने अपने आरोपों पर खेल मंत्री को सफाई दी है। इससे पहले खेल मंत्रालय ने कुश्ती संघ से 72 घंटे के अंदर पहलवानों के आरोपों पर जवाब मांगा था।

कुश्ती संघ को 72 घंटे में देना होगा जवाब

केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। कुश्ती संघ को पहलवानों के आरोपों पर अगले 72 घंटों के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

महिला खिलाड़ियों का कैंप रद्द

महिला राष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षण शिविर रद्द कर दिया गया है। यह शिविर लखनऊ के भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में 18 जनवरी से शुरू होना था और इसमें 41 पहलवानों और 13 प्रशिक्षकों सहित कई सहायक कर्मचारी शामिल होने वाले थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here