घरेलू क्रिकेट रणजी ट्रॉफी में पृथ्वी शॉ ने पहला तिहरा शतक जड़ दिया है। रणजी ट्रॉफी के पांचवें राउंड में मुंबई का सामना असम के साथ है। शॉ ने दूसरे दिन के पहले सेशन में अपना तिहरा शतक पूरा किया। उन्होंने 326 गेंद का सामना किया। यह घरेलू क्रिकेट में उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी है। इससे पहले उनका सर्वाधिक स्कोर 202 रन का था लेकिन अब पृथ्वी इससे आगे निकल गए हैं। उन्होंने अपनी इस पारी में 43 चौके और 2 छक्के लगाए।
भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी में मंगलवार (10 जनवरी) को शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुंबई की ओर से खेलते हुए असम के खिलाफ ग्रुप-बी में तूफानी दोहरा शतक लगाया। उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी पारी खेलते हुए नाबाद 240 रन बनाए। शॉ के साथ-साथ भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी अपनी पारी से सबको आकर्षित किया। रहाणे 73 रन बनाकर नाबाद हैं।
18 महीनों से भारतीय टीम से बाहर हैं
पृथ्वी शॉ को करीब 18 महीने से भारतीय टीम में नहीं चुना गया है। उन्होंने जुलाई 2021 में अपना पिछला टी20 मैच श्रीलंका के खिलाफ खेला था। पृथ्वी की पारी की बदौलत मुंबई ने पहले दिन दो विकेट पर 397 रन बनाए। पृथ्वी ने मुशीर खान के साथ पहले विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी की। मुशीर 72 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए। पृथ्वी ने इसके बाद अरमान जाफर के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। अरमान 48 गेंद पर 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
197 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद पृथ्वी को कप्तान अजिंक्य रहाणे का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को पहले दिन और कोई झटका नहीं लगने दिया। पृथ्वी और रहाणे ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 200 रन की साझेदारी कर ली है। सरफराज ने 283 गेंद की पारी में 33 चौके लगाए हैं। उनके बल्ले से एक छक्का भी निकला है। वहीं, रहाणे ने 140 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए हैं।
रणजी का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर
पृथ्वी ने 379 रन की पारी खेली। यह रणजी का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उनसे ज्यादा केवल एक खिलाड़ी ही बना सके हैं। रणजी के 1948-49 सेशन में महाराष्ट्र के बीबी निंबालकर ने सौराष्ट्र के खिलाफ नाबाद 443 रन की पारी खेली थी। वहीं तीसरे नंबर पर संजय मांजरेकर है। मांजरेकर ने 1990-91 में मुंबई की ओर से खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ 377 रन की पारी खेली थी। वहीं शॉ की इस पारी के दम पर मुंबई की टीम दूसरे दिन असम के खिलाफ एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है। मुंबई ने 3 विकेट के नुकसान पर 500 से ज्यादा रन बना लिए हैं।