RIP:महान फुटबॉलर पेले का निधन, कैंसर से जूझ रहे थे ब्राजिलियन फुटबॉलर, पूरे खेल जगत में शोक

0
61

ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का गुरुवार देर रात 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी बेटी कैली नैसिमेंटो ​​​​​ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। पेले पेट के कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कीमोथेरेपी के जरिए उनका ट्रीटमेंट किया गया लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं हो रहा था। इसके बाद कीमोथेरेपी बंद कर उन्हें दर्द कम करने की दवाइयां दी जाने लगीं। उन्हें किडनी और कार्डियक डिसफंक्शन भी था।

पेले दुनिया के सबसे महान और सबसे पसंदीदा फुटबॉलर में से एक थे। 82 वर्ष की आयु में वो दुनिया को अलविदा कह गए है। उनके निधन पर न केवल ब्राजील बल्कि पूरी दुनिया और पूरे फुटबॉल जगत में शोक की लहर है। मौजूदा पीढ़ी के तीन बेहतरीन फुटबॉलर्स, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और ब्राजील के नेमार ने पेले को श्रद्धांजलि दी है।

बेटी ने कहा – हम जो भी हैं सब आपकी बदौलत
पेले की बेटी कैली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘हम जो कुछ भी हैं, आपकी बदौलत हैं। हम आपको बहुत प्यार करते हैं। रेस्ट इन पीस।’ 25 दिसंबर को परिवार ने क्रिसमस का त्योहार पेले के साथ अस्पताल में ही मनाया था।

रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे
पेले रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत काफी बिगड़ गई और फिर अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पेले को कैंसर था और दिल से जुड़ी समस्याएं भी थीं। कैंसर के इलाज में उन पर कीमोथेरेपी का असर भी नहीं हो रहा था। जिस कारण डॉक्टर ने भी चिंता जाहिर की थी। सितंबर 2021 में उनका कोलोन ट्यूमर हटाया गया। जिसके बाद उनकी कीमोथेरेपी की गई।

एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो असली नाम

पेले का असली नाम एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो था। निक नेम डिको, पेले और द ब्लैक पर्ल भी हैं। पेले का जन्म 23 अक्टूबर 1940 को ब्राजील में हुआ था। इनकी तीन पत्नियां हैं, लेकिन कितने बच्चे हैं, इसको लेकर विवाद होते रहे हैं। पेले खुद एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उन्हें याद तक नहीं कि उनके कितने बच्चे हैं। हालांकि ऑफिशियल रिकॉर्ड में पेले के 7 बच्चों के नाम सामने आते हैं। उनकी पहली शादी 1966 में हुई और 1982 में तलाक हो गया। पहली पत्नी का नाम रोज मैरी डोस रीस था। उनसे तीन बच्चे हुए। पेले ने दूसरी शादी 1994 में की और 2008 में तलाक हो गया। दूसरी पत्नी का नाम एसीरिया लेमोस सिक्सैक्स था। तीसरी शादी उन्होंने 2016 में की थी। पत्नी का नाम मार्सिया ऑकी है। वह पेले के साथ ही रहती थीं।

ब्राजील को 3 वर्ल्ड कप दिलाए
पेले फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में से एक रहे। उन्होंने 1958, 1962 और 1970 में ब्राजील को 3 वर्ल्ड कप दिलाए। उन्होंने 4 वर्ल्ड कप खेले। इनमें से टीम ने तीन बार खिताब जीते। उन्होंने 1971 में ब्राजील नेशनल टीम से संन्यास ले लिया था।

तीन बार वर्ल्ड कप जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी
पेले ने तीन बार फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीता है। ऐसा करने वाले वे दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने कुल 4 वर्ल्ड कप खेले। इसमें से तीन जीते। वे तीन वर्ल्ड कप जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने 1971 में ब्राजील नेशनल टीम से संन्यास ले लिया था।

पेले ने अपने करिअर में 92 मैच खेले और 78 गोल दागे। ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले प्लेयर्स में उनके बाद नेमार का नाम हैं। नेमार ने 77 गोल किए।

भावुक हुए नेमार

ब्राजील और पेरिस सेंट-जर्मेन के सुपरस्टार नेमार ने अपने देश के महानतम खेल आइकन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा- पेले से पहले, ’10’ सिर्फ एक संख्या थी।  लेकिन वह सुंदर वाक्य अधूरा है। मैं कहूंगा कि पेले से पहले फुटबॉल सिर्फ एक खेल था। उन्होंने फुटबॉल को एक कला में बदल दिया, मनोरंजन से भर दिया… फुटबॉल और ब्राजील को नाम मिला और इसके लिए किंग (पेले) को धन्यवाद। वह चले गए, लेकिन उनका जादू जिंदा रहेगा। पेले शाश्वत हैं। नेमार ने पेले के साथ कई तस्वीरें भी साझा कीं।

मेसी ने दी श्रद्धांजलि

अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान लियोनेल मेसी ने अपने पोस्ट में ब्राजीलियाई फुटबॉल नायक पेले को अलविदा कहा। साथ ही मेसी ने खुद की और “द किंग” की तस्वीरें साझा कीं। अर्जेंटीना के कप्तान ने लिखा- रेस्ट इन पीस पेले। 

रोनाल्डो ने दी श्रद्धांजलि

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने ब्राजील के दिग्गज के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबे नोट में पेले को श्रद्धांजलि अर्पित की। रोनाल्डो ने लिखा- ब्राजील के सभी लोगों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं और विशेष रूप से एडसन अरांतेस दो नेसिमेंटो के परिवार के लिए। पेले को अलविदा। उस दर्द को व्यक्त करने के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं होगा जो वर्तमान में पूरा फुटबॉल जगत महसूस कर रहा है। पेले आप लाखों लोगों के लिए प्रेरणा थे। कल, आज और हमेशा के लिए एक संदर्भ थे। आपने हमेशा मुझे जो प्यार दिखाया, वह हर उस पल में बदला गया, जिसे हमने दूर रहकर भी साझा किया था। पेले आपको कभी कोई भूल नहीं पाएगा। आपकी याद हममें से हर एक फुटबॉल प्रेमी में हमेशा के लिए रहेगी। रेस्ट इन पीस किंग पेले।

एम्बाप्पे-रूनी भी हुए भावुक

फ्रांस के स्टार किलियन एम्बाप्पे ने लिखा- फुटबॉल के बादशाह हमें छोड़ गए हैं, लेकिन उनकी विरासत को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। RIP किंग। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व स्टार फुटबॉलर वेन रूनी ने लिखा- रेस्ट इन पीस लीजेंड। रॉबी फाउलर ने ट्वीट किया- महानतम खिलाड़ियों में से एक पेले रेस्ट इन पीस।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here