भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ देश के महिला पहलवानों के विरोध को लेकर खेल मंत्रालय के साथ पहलवानों की मीटिंग खत्म हो गई है। हालांकि पहलवानों का कहा है कि बैठक में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। वहीं इसे लेकर विनेश फोगाट ने कहा कि हम अध्यक्ष का इस्तीफा भी लेंगे और अध्यक्ष को जेल भी भिजवाएंगे। हमारा एक-एक दिन कीमती है। बैठक में हमें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। हमारे जो आरोप है, वो सच्चे हैं। हमें मजबूर न किया जाए सबसे सामने आने के लिए। हम अपने सम्मान के लिए लड़ रहे हैं। हम पूरे देश को यह बताना नहीं चाहते कि देश की बेटियों के साथ क्या हुआ है।
जिस दिन सारे लड़कियां मीडिया को बताएंगी कि हमारे साथ क्या हुआ, वो कुश्ती का दुर्भाग्य होगा। मोर्चा खोल दिया है। बृजभूषण सिंह और कुछ कोच पर ओलिंपिक विजेता खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 200 से ज्यादा खिलाड़ी बुधवार यानी 18 जनवरी से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार को भी उनका प्रदर्शन जारी रहा।
इधर, आरोपों के बाद खेल मंत्रालय बुधवार देर रात कुश्ती संघ को नोटिस भेजा और 72 घंटे में जवाब देने को कहा। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दे डाली। इधर, गुरुवार को मंत्रालय ने पीड़ित खिलाड़ियों को बातचीत के लिए बुलाया और उनसे करीब एक घंटे तक मीटिंग की। मीटिंग खत्म होने के बाद पहलवानों ने मीडिया से बातचीत की।
शोषण की पीड़ित लड़कियां विद प्रूफ साथ हैं
बजरंग पूनिया ने कहा कि हमारे साथ हिंदुस्तान के सारे रेसलर हैं। अध्यक्ष ने कहा था सबूत दो तो फांसी पर लटक जाउंगा। पहले हमारे साथ दो लड़कियां थी अब हमारे साथ विद प्रूफ 6-7 लड़कियां हैं, जिनके साथ अध्यक्ष ने शोषण किया है। हम पीछे नहीं हटेंगे। हम सिर्फ इस्तीफे से संतुष्ट नहीं होंगे। हम फेडरेशन को भंग कराना चाहते हैं।
इस्तीफा भी लेंगे और जेल भी भिजवाएंगे
विनेश फोगाट ने कहा कि हम अध्यक्ष का इस्तीफा भी चाहते हैं और अध्यक्ष को जेल भी भिजवाएंगे। हमारे साथ बहुत गलत हुआ है। हम बिना सबूत यहां नहीं बैठे हैं। अध्यक्ष दो मिनट मेरे सामने आंखों में आंखों में डाल कर बोल दें कि गलत नहीं किया है। हमारी लड़ाई लड़कियों को शोषण से बचाना है। अध्यक्ष ने यूपी की कुश्ती खत्म कर दी है। अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम इन लड़कियों के साथ FIR कराएंगे। वहीं साक्षी मलिक ने कहा कि बैठक में हमें सिर्फ आश्वासन दिया गया है। हम आश्वासन से संतुष्ट नहीं है। हमें हमें ठोस कार्रवाई चाहिए।
22 जनवरी को कुश्ती महासंघ की बैठक, पद छोड़ सकते हैं सिंह
न्यूज एजेंसी के मुताबिक कुश्ती महासंघ की एग्जीक्यूटिव कमेटी की सालाना बैठक (AGM) 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली है। संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भी इस बैठक में शामिल होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बृजभूषण शरण सिंह इस बैठक में अपने इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं।