भारत जोड़ो यात्राः हरियाणा में बोले राहुल-देश पुजारियों का नहीं तपस्वियों का

0
55

हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज करनाल और कुरुक्षेत्र में चल रही है। यात्रा की शुरूआत सुबह 6 बजे तरावड़ी से हुई। धुंध व हलके अंधेरे में राहुल गांधी पैदल चले। रास्ते में राहुल गांधी को टीशर्ट में देख कांग्रेस समर्थकों ने कपड़े उतारकर डांस किया। करनाल में प्रेस कान्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तपस्या का संगठन है। भाजपा पूजा का संगठन है। पूजा 2 तरीके की होती है। नॉर्मली पूजा भगवान के पास जाकर होती है। उन्होंने कहा कि ये देश तपस्वियों का है।

RSS की पूजा अलग है

RSS की पूजा अलग है। वह चाहता है कि जबरन उनकी पूजा हो। मोदी जी चाहते हैं कि जबरन उनकी पूजा हो। देश में सब लोग उनकी पूजा करें। उसका रिस्पॉन्स तपस्या ही हो सकती है। कांग्रेस की तपस्या में कमी हो गई थी, यात्रा से उसे पूरा कर रहे हैं।

यात्रा डर और धर्म-जाति के नाम पर बांटने की नीति के खिलाफ

वहीं पत्रकारों के सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि यह यात्रा हिंदुस्तान में फैलाए जा रहे डर और धर्म-जाति के नाम पर बांटने की नीति के खिलाफ है। यह यात्रा एक तपस्या है। इससे राजनीतिक फायदा या नुकसान के बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। यात्रा के लक्ष्य हैं। भारत जोड़ो, डर के खिलाफ खड़े हो। दूसरा मुद्दा हिंदुस्तान में आर्थिक असमानता हो रही है। जिसमें सारा धन, मीडिया और दूसरे इंस्टीट्यूशंस 3-4 लोगों के हाथ में हैं। उससे भयंकर बेरोजगारी हो रही है।

हमारा लक्ष्य यात्रा का है

यात्रा शुरू होने और अब के राहुल गांधी के अनुभव और व्यक्तित्व में कितना अंतर आया है, सवाल के जवाब में राहुल बोले यह तो आप लोग ही डिसाइड करोगे। अगली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से CM का चेहरा कौन होंगे, सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने कई बार कहा कि हमारा लक्ष्य यात्रा का है। इसे डाइवर्ट करने की कोशिश की जा रही है। यात्रा को नहीं दिखाया जा रहा है।

ये सवाल पीएम मोदी के सामने भी रखो

 जब पत्रकार ने पूछा आप लगातार कह रहे हैं कि डर और नफरत का माहौल है। छत्तीसगढ़ में आदिवासी लड़के का एनकाउंटर कर दिया गया। इंटरनेशनल एक्टिविस्ट सोनी शौरी की बिजली काट दी गई, के जवाब में राहुल बोले- मेरे सामने जो सवाल रखे हैं, क्या वह नरेंद्र मोदी के सामने रख सकते हैं?। प्रधानमंत्री जी ने कितने प्रेस कान्फ्रेंस किए, जहां पर कोई पत्रकार उनसे सवाल पूछ सके। देश की जनता को बांटकर उनमें नफरत फैलाई जा रही है। हिंदू-मुस्लिम और अलग-अलग जाति के लोगों को लड़ाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने कभी ऐसा नहीं कहा। छत्तीसगढ़ में जो बताया, उसे देखेंगे और अगर बोल सकता हूं तो मैं बोलूंगा और पर्सनली राय भी रखूंगा। यात्रा के बाद में खुद वहां जाऊंगा और कमी हो तो उसे सुधारूंगा।

पत्रकार का सवाल- आप हर स्पीच में जवान व किसान की बात करते हैं। किसान आंदोलन हुआ लेकिन वह खत्म हुआ मगर MSP नहीं मिली। आपकी सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की?। क्या इसे लागू करेंगे और किसानों को MSP देंगे?

राहुल बोले-इन बातों को कैजुअली नहीं कहा जा सकता। यह चर्चा हम अपनी मेनिफेस्टो कमेटी में करते हैं। उसकी वित्तीय स्थिति के बारे में चर्चा करते हैं। मैं यहां कह दूं, इसका कोई मतलब नहीं है। तीन काले कानून किसान को मारने के लिए लाए गए। GST और नोटबंदी भी छोटे कारोबारियों को मारने के लिए लाई गई। यह पॉलिसी नहीं हैं। मैं गारंटी देता हूं कि कांग्रेस पार्टी की सरकार इस तरह आक्रमण नहीं करेगी। किसान की प्रोटेक्शन होगी। अगर हम अरबपतियों का कर्ज माफ कर सकती है तो किसानों को भी लाभ पहुंचाया जाएगा।

युवाओं को रोजगार के लिए रोडमैप पर गांधी ने कहा कि यात्रा में युवा इंजीनियर, डॉक्टर, लॉयर, एडमिनिस्ट्रेशन जैसे फील्ड में जाना चाहते हैं। इनमें ज्यादा से ज्यादा 10% को जॉब मिलती हैं। बाकी को नहीं मिलती। उनके सपने टूट जाते हैं। जो लोग इस देश को रोजगार दे सकते हैं, उनकी हम मदद नहीं करते हैं। स्मॉल व मीडिया इंडस्ट्री को बर्बाद कर दिया गया। यह लोग करोड़ों लोगों को रोजगार दे सकते हैं।

राहुल ने इन सवालों का भी दिया जवाब

सवाल : यात्रा के वक्त आपकी टी शर्ट खूब चर्चा है। जवाब : मुझे मामा की डांट पड़ी है।

सवाल : यात्रा के बाद राहुल गांधी में कितना फर्क आया? जवाब : मेरे दिमाग में राहुल गांधी नहीं है। यह भाजपा के दिमाग में है। मुझे इमेज का कोई लेना-देना नहीं है। जो चाहे रखो। अच्छी-बुरी जो चाहे रखो। मुझे अपना काम करना है।

सवाल : हरियाणा में सरकार बनने का क्या असेसमेंट है। जवाब : नॉर्दर्न बेल्ट में हमें अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। इन राज्यों में कांग्रेस की सरकार आएगी।। मुझे इस बात की चिंता है कि हरियाणा और मध्यप्रदेश में किसानों की सरकार आए। जो लोगों की बात सुने। मुझे सरकार आने के 5 साल बाद में इंट्रेस्ट है।

सवाल : क्या आप तवस्वी हैं जवाब : यह देश तपस्वियों का है। देश का हर किसान मुझसे ज्यादा चला है। मजदूर ज्यादा चलता है। यह देश पुजारियों का नहीं तपस्वियों का है, RSS-मोदी जबरन पूजा कराना चाहते हैं।

बच्चों को टॉफीज भी बांटी

रास्ते में राहुल गांधी सड़के किनारे खड़े लोगों को खुद अपने पास बुलाकर बातचीत की। बच्चों को टॉफी भी दी। इससे पहले एक युवक ने सुरक्षा घेरे के अंदर यात्रा में घुसने की कोशिश की तो पुलिस ने धक्के देकर उसे निकाल दिया। उनके साथ KC वेणुगोपाल, भूपेन्द्र हुड्‌डा, कुमारी सैलजा व दीपेन्द्र हुड्‌डा भी रहे। पहले यात्रा सुबह साढ़े 8 बजे रायपुर रोड़ान स्थित एक ढाबा पर टी-ब्रैक के लिए रुकी। यहां राहुल ने चाय पी और लोगों कुछ देर बात भी की। यात्रा अब मॉर्निंग ब्रैक के लिए समाना बहु में रुक गई है।

3 बजे फिर से शुरू होगी यात्रा

यहां से सीधे राहुल गांधी कुरुक्षेत्र के जिरबाड़ी पहुंचकर 3 बजे फिर से यात्रा शुरू करेंगे। शाम 6 बजे राहुल गांधी कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर महाआरती में हिस्सा लेंगे। ब्रह्मसरोवर में आरती करने के पश्चात राहुल गांधी गांव प्रतापगढ़ स्थित जिंदल हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

जगह-जगह होगा भव्य स्वागत
कांग्रेस से लाडवा विधायक मेवा राम और कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने बताया कि राहुल गांधी का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा में हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष DK शिवकुमार, हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक राव दान सिंह, हरियाणा की पूर्व अध्यक्ष कुमारी शैलजा, पूर्व महासचिव रणदीप सुरजेवाला व मनदीप चटठा, NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन, प्रदेश प्रभारी वरूण चौधरी, यूथ विंग के प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा समेत अन्य नेता शामिल रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here