कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह हरियाणा में पानीपत से करनाल जिले में पहुंची। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पद यात्रा की। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेन्द्र सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ-साथ रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यहां घरौंदा में कोहंद गांव से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी मिले
इस बीच बसताड़ा टोल टैक्स पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने राहुल गांधी से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। वहीं राहुल गांधी ने अपनी सुरक्षा में लगे एक कुत्ते को भी घुमाया। इससे पहले राहुल गांधी पर्ल ढाबा पहुंचे और यहां उन्होंने चाय पी और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। भारत जोड़ो यात्रा इन्द्री में रात्रि विश्राम के लिए रुकेगी और अगले दिन सुबह कुरुक्षेत्र जिले की ओर बढ़ेगी। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा 10 जनवरी तक चलेगी। 8 और 9 जनवरी को राहुल गांधी कुरुक्षेत्र में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसके बाद 11 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में प्रवेश करेगी।
हुड्डा बोले-देश में परिवर्तन लाएगी भारत जोड़ो यात्रा
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पानीपत की रैली ऐतिहासिक रही है जो देश में परिवर्तन लाने का काम करेगी। आज भारत जोड़ो यात्रा करनाल में है और कल कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश को जोड़ने का काम कर रही है।
7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी भारत जोड़ो यात्रा
आपको बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा ने बृहस्पतिवार की शाम उत्तर प्रदेश से हरियाणा में पुन: प्रवेश किया था. राहुल गांधी ने शुक्रवार को पानीपत में एक रैली को संबोधित किया और अर्थव्यवस्था के साथ-साथ बेरोजगारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार की आलोचना की. हरियाणा में 21 से 23 दिसंबर तक यात्रा के पहले चरण में 130 किलोमीटर की दूरी तय की गई और यह नूहं, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों से गुजरी थी. भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी के राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के साथ संपन्न होगी.