हरियाणा में गन्ने के दाम 450 रुपए करने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे चढ़ूनी ग्रुप ने आंदोलन खत्म करने का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को कुरुक्षेत्र की सैनी धर्मशाला में हुई राज्यस्तरीय मीटिंग में BKU अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने इसकी घोषणा की। साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा के विरोध में चल रहे चढ़ूनी ने उनका समर्थन करने की बात कही है। हालांकि, चढूनी ने पहले पत्र लिख SKM पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि सरकार ने संतोष जनक रेट नहीं बढ़ाए, फिर भी इसे किसानों की जीत कह सकते हैं क्योंकि आंदोलन करके 10 रुपए प्रति क्विंटल गन्ने के दाम उन्होंने बढ़वाए हैं। किसानों का आंदोलन आज से खत्म हो रहा है। किसान लंबे समय तक गन्ना नहीं रोक सकता, इसलिए आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया है।
SKM का समर्थन करेगा चढूनी ग्रुप
उधर, गुरनाम सिंह चढूनी ने संयुक्त किसान मोर्चा को समर्थन देने का भी ऐलान किया है। कहा है कि अगर संयुक्त किसान मोर्चा गन्ने के दाम को लेकर कोई भी फैसला लेगा BKU चढूनी ग्रुप उसका समर्थन करेगी। इस मौके पर चढूनी ने हरियाणा में विधानसभा के चुनावों में BJP का विरोध करने का ऐलान किया है। बता दें कि सैनी धर्मशाला कुरुक्षेत्र में प्रदेशभर के किसानों की गुरनाम सिंह चढूनी की अध्यक्षता में मीटिंग हुई।
अमित शाह की रैली का नहीं करेंगे विरोध
यही नहीं, पिछली मीटिंग में लिए गए फैसलों को भी चढूनी ने वापस ले लिया है। चढूनी ने कहा कि 27 जनवरी को सड़क जाम करनी तथा 29 जनवरी को सोनीपत के गोहाना अनाज मंडी में होने वाली गृह मंत्री अमित शाह की रैली में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने का जो प्रोग्राम था वह वापस ले लिया है। अब किसान शाह की रैली का विरोध नहीं करेंगे।
गन्ने की जलाई होगी
बुधवार को जहां किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ CM के पुतले की शव यात्रा निकाल विरोध जताया। आज किसान चौधरी छोटू राम की जयंती पर शुगर मिलों पर गन्ने की होली जलाई। बता दें कि हरियाणा में किसान गन्ने का रेट बढ़ाने को लेकर पिछले कई दिनों से शुगर मिलों के गेट पर ताला जड़ धरने पर बैठे थे।