हरियाणा के खेल मंत्री और पूर्व ओलंपियन संदीप सिंह पर खेल विभाग की जूनियर महिला कोच ने आरोप लगाए हैं कि खेल मंत्री ने अपने सरकारी आवास में बुलाकर उससे छेड़छाड़ की। इसके बाद से ही लगातार संदीप सिंह के खिलाफ विवाद बढ़ते जा रहे हैं। महिला कोच ने यह भी कहा कि इससे पहले और भी महिला खिलाड़ियों के साथ खेल मंत्री गलत काम कर चुके हैं। विवाद उठने के बाद खेल मंत्री ने दावा किया कि उनके खिलाफ षड़यंत्र रचा जा रहा है। बता दें कि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर महिला कोच ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। कोच का कहना है कि मंत्री ने उसे चंडीगढ़ स्थित अपनी कोठी पर बुलाया था और छेड़छाड़ की। हरकत के तुरंत ही वो मंत्री को धक्का देकर वहां से भाग निकली। हालांकि यह सारा घटनाक्रम महिला की बतौर कोच नौकरी लगने से पहले का है।
न्याय नहीं मिला तो धरने पर बैठेंगी कोच
अब महिला कोच ने इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस को एक शिकायत दी है। कोच ने कहा कि वह अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी मुलाकात करेगी। अगर न्याय नहीं मिला तो उसने धरने पर बैठने का एलान किया। इस दौरान महिला कोच ने खेल मंत्री के खिलाफ कई सबूत होने का दावा भी किया। महिला ने कहा कि उसकी नियुक्ति सितंबर महीने में हुई थी जबकि 13 मई को ही खेल मंत्री ने उसको चैट के माध्यम से सिलेक्शन तय कर दी थी।
मंत्री ने कहा था कि तुम्हारा सिलेक्शन तय है
मंत्री ने कहा था कि तुम्हारा सिलेक्शन लिस्ट से नाम खेल निदेशक ने काट दिया था लेकिन अब मैंने जुड़वा दिया है। तुम्हारा सिलेक्शन तय है। उधर, खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे छेड़छाड़ के आरोपों के बाद अब खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर कविता मीडिया के सामने आएंगी। दरअसल, डिप्टी डायरेक्टर के साथ भी महिला कोच का विवाद हो चुका है। महिला कोच द्वारा दुर्व्यवहार करने की शिकायत पहले भी आ चुकी है।
मंत्री पद पर रहते निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती: हुड्डा
भिवानी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पीड़िता से बात कर वास्तविक स्थिति को जानेंगे। उन्होंने कहा कि मंत्री पद पर रहते निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। हुड्डा ने भिवानी पहुंच भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न्यौता दिया। भिवानी में धरने पर बैठे पटवारी व कानूनगो, दिव्यांग व बर्खास्त पीटीआई के धरने को समर्थन दिया। हुड्डा ने भाजपा को नॉन परफॉर्मेंस गर्वमेंट कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश का कर्जा बढ़ाने का काम कर रही है। परिवार पहचान पत्र बुजुर्गों की पेंशन छीनने का हथियार बना है। भाजपा पर गन्ने का एक रुपया भी दाम ना बढ़ाने का आरोप लगाया।