राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज हिमाचल में चल रही है। कांगड़ा जिले के इंदौरा के मीलवां के रास्ते यह पैदल यात्रा देवभूमि में प्रवेश हुई। इस दाैरान फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी के बाद राहुल गांधी पैदल चल रहे हैं। राहुल गांधी के साथ चल रहे युवा यात्री ‘देख जवानी है कुर्बान, राहुल गांधी तेरे नाल’ नारे लगा रहे हैं। वहीं पंजाब में सुरक्षा चूक के बाद यहां पर राहुल गांधी की सिक्योरिटी डबल की गई है। उनके साथ 400 पुलिस जवान और करीब 100 अफसरों की फौज चल रही है।
कांगड़ा के काठगढ़ महादेव मंदिर लिया आशीर्वाद
यात्रा शुरू होने के बाद राहुल अब काठगढ़ महादेव मंदिर पहुंचे हैं। जहां वह शिव-पार्वती की आराधना कर रहे हैं। इस मंदिर में विराजमान शिवलिंग दुनिया का पहला ऐसा शिवलिंग है, जो 2 भागों में विभाजित है। इसके एक भाग को शिव तो दूसरे को मां पार्वती का रूप माना जाता है। मंदिर में स्थापित शिवलिंग अष्टकोणीय है। शिव के रूप में पूजे जाने वाले शिवलिंग की ऊंचाई तो 8 फीट है, वहीं माता पार्वती के रूप में पूजे जाने वाले हिस्से की ऊंचाई 6 फीट है।
बाईं इंदौरिया में रूकी यात्रा
मंदिर में दर्शनों व टी-ब्रेक के बाद चली यात्रा अब बाईं इंदौरिया गांव में रुकी है। यहां दोपहर की ब्रेक ली गई है। अब यात्रा 3 बजे शुरू होगी और अगले पढ़ाव के लिए रवाना होगी। यात्रा शुरू होने से पहले राहुल गांधी ने संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा का हिमाचल से आने का रूट नहीं था। लेकिन प्रदेश की जनता का प्यार उन्हें इसे खींच लाया। उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को श्रीनगर पहुंचना है, ऐसे में दिन कम थे तो हिमाचल का प्लान नहीं बन पा रहा था।

3-4 लोगों के लिए चल रही पूरी सरकार
हिमाचल प्रदेश के घटोटा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि 3-4 लोगों के लिए पूरी सरकार चलाई जा रही है। जो भी होता है वह उन लोगों के लिए होता है, हमारे किसान, मजदूर, युवा के लिए नहीं किया जाता। भारत की सरकार जो भी करती है वह भारत के 2-3 सबसे बड़े अरबपतियों की मदद करने के लिए करती है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमने अपने मुद्दे संसद में उठाने की कोशिश की लेकिन वहां मुद्दे उठाने नहीं दिए गए। भारत की संस्थाओं जैसे न्यायपालिका, प्रेस आदि से भी बात नहीं उठा सकते क्योंकि सब पर RSS-BJP का दबाव है। इसलिए हमने यह यात्रा निकाली है।
देश के संस्थान दबाव में काम कर रहे
इस दौरान राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश के सभी संस्थान आज के दौर में दबाव में काम कर रहे हैं। संसद में भी सवाल पूछने नहीं दिए जा रहे। इस कारण ही उन्होंने कन्याकुमारी से श्रीनगर तक भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने का फैसला लिया।
दुख है कि हिमाचल में कम रूक पाए
हम हिमाचल से निकल रहे हैं, हमने हिमाचल के लिए रूट बदल दिया। दुख है कि हम हिमाचल में कम रुक पाए। लेकिन जम्मू कश्मीर 30 जनवरी तक पहुंचना है। हिमाचल में आशाएं और प्यार लेने के लिए आया हूं। जनसभा के बाद भारत जोड़ो यात्रा पठानकोट में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम भी वहीं होगा। यहां से जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी। कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा लगभग 3200 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद प्रदेश पहुंच रही है।

इससे पहले पंजाब में दो बार सुरक्षा में हुई चूक
इससे पहले पंजाब में कल यात्रा के दौरान दो बार सुरक्षा में चूक सामने आई। सुबह 8.05 बजे यात्रा जालंधर-पठानकोट रोड पर थी। इसी दौरान होशियारपुर में दसूहा के पास एक युवक राहुल गांधी का थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा तोड़ने में सफल रहा। युवक सीधे राहुल के पास पहुंच गया और उन्हें गले लगा लिया। यह देख पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आगे बढ़े और युवक को पीछे धकेल दिया। सुरक्षाकर्मी भी यह देख युवक की तरफ लपके।
दूसरी चूक सुबह 8.40 बजे हुई। टी-ब्रेक के लिए यात्रा होशियारपुर के ही गांव गांव बस्सी के किसान हट ढाबे पर रुकी थी। सड़क क्रॉस करने के लिए राहुल गांधी आगे बढ़े, तभी सिर पर केसरी परना बांधे हुए युवक आगे बढ़ गया और राहुल के करीब पहुंच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इसे भांप लिया। जिसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया। ये दोनों घटनाएं 35 मिनट के भीतर हुईं। यह स्थिति तब है जबकि पंजाब में राहुल गांधी को सबसे ज्यादा सिक्योरिटी दी गई है। यहां वह थ्री लेयर सुरक्षा में चल रहे हैं।