हिमाचल में ओल्ड पैंशन स्कीम (OPS) की बहाली हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू कैबिनेट ने पहली ही मीटिंग में OPS बहाली का वादा पूरा किया है। CM ने कहा कि कांग्रेस वादे के मुताबिक OPS को लागू कर दिया है। इससे एक लाख 36 हजार कर्मचारियों को आज से ही लाभ मिलना शुरू हो गया है।
इसी तरह कैबिनेट ने महिलाओं को 1500 रुपए देने और एक लाख युवाओं के रोजगार की दृष्टि से दो कैबिनेट सब कमेटी गठित की हैं। सुक्खू ने कहा कि OPS की गारंटी आज से लागू है, जबकि 2 गारंटी लागू करने का फैसला अगले महीने होगा।
डीजल पर बढ़ाए वैट से दी जाएगी पैंशन
CM ने कहा कि सरकार ने डीजल पर 3 रुपए वैट बढ़ाया है। इससे आने वाली रकम से NPS कर्मचारियों को पेंशन दी जाएगी। एरियर के लिए आय के संसाधन पैदा करने पड़ेंगे। अभी एरियर का पैसा देने के लिए पैसा नहीं है।
दो दिन में अधिसूचना होगी जारी
कैबिनेट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओपीएस की आज या कल वित्त विभाग अधिसूचना जारी करेगा। इसे लागू करने से पहले ही साल 800 से 900 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। आने वाले सालों में वित्तीय बोझ बढ़ता जाएगा।
CM ने कहा कि सरकार ने डीजल पर 3 रुपए वैट बढ़ाया है। इससे आने वाली रकम से NPS कर्मचारियों को पेंशन दी जाएगी। एरियर के लिए आय के संसाधन पैदा करने पड़ेंगे। अभी एरियर का पैसा देने के लिए पैसा नहीं है।
बोर्ड-निगम कर्मचारियों को भी OPS
सुक्खू ने कहा कि OPS का लाभ सभी विभागों, बोर्ड व निगम कर्मचारियों को भी मिलेगा। इस फैसले को लेने में अड़चनें काफी आईं, मगर उनकी सरकार ने फैसला किया कि हमें सामाजिक सुरक्षा की दृष्टि से इसे लागू करना है। उन्होंने कहा कि OPS को छत्तीसगढ़ के फॉर्मूले पर बहाल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जाएगी।
11 हजार करोड़ की कर्मचारियों की सरकार पर देनदारी
सुक्खू ने कहा कि पूर्व सरकार ने कर्मचारियों को छठे पे कमीशन के लाभ तो दे दिए, मगर कर्मचारियों का पिछली सरकार ने 9,000 करोड़ से ज्यादा का एरियर नहीं दिया। DA का 1000 करोड़ अधिक रुपए देना है। कुल मिलाकर 11 हजार करोड़ रुपए की देनदारी कर्मचारियों की सरकार पर है।
पेंशनधारकों के 5226 करोड़ सरकार के पास
CM ने कहा कि 4430 करोड़ का एरियर सैलरी और 5226 करोड़ का एरियर पेंशनधारकों का बकाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने 900 के करीब संस्थान खोल दिए । अगर इनका खर्चा जोड़ दिया जाए तो 5000 करोड़ का बोझ सरकार पर पड़ना था। इसी तरह 380 स्कूल, 23 कालेज खोल दिए। स्टाफ तैनात नहीं किया गया। साथ लगते संस्थानों से डेपुटेशन पर स्टाफ तैनात किया गया। CM ने कहा कि सरकार पर कुल कर्ज और कर्मचारियों की देनदारी जोड़ दी जाए तो जयराम सरकार उन पर 86 हजार करोड़ का कर्जा छोड़कर गई है। यदि 900 संस्थान बंद नहीं किए होते तो सरकार पर 91 हजार करोड़ का कर्ज हो जाता।
केंद्र के पास कर्मचारियों का 8000 करोड़ जमा
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि केंद्र के पास हिमाचल के कर्मचारियों का 8000 करोड़ रुपए जमा है। उन्होंने केंद्र से इस राशि को वापस करने के लिए लिखा था, मगर केंद्र इसे देने को इन्कार कर रहा है। वह कह रहे हैं कि यदि कोई व्यक्तिगत तौर पर मांगेगा तो हम देने पर विचार करेंगे।
मंडी में एक लाख कर्मचारी करेंगे CM का स्वागत
OPS बहाली के बाद कर्मचारी अब मंडी में स्वागत समारोह करेंगे। NPS संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि एक लाख कर्मचारी मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। इससे पहले कैबिनेट खत्म होने के बाद सचिवालय के बाहर NPS कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इससे पहले सचिवालय में अंदर कैबिनेट मीटिंग चल रही थी। बाहर NPS कर्मचारी नाटी डालकर OPS बहाली के इंतजार में झूम रहे थे।
कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है: प्रतिभा सिंह
कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने OPS बहाल होने पर खुशी व्यक्त करते हुए प्रदेश के कर्मचारियों को बधाई दी हैं। उन्होंने कहा है कि आने वाले समय मे प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी सभी गारंटी व वादों को पूरा करेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की पहली केबिनेट में लिया गए निर्णयों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार ने अपनी इच्छा शक्ति को उजागर कर दिया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे वह हर हाल में पूरा करती हैं।