विस शीत सत्र: दफ्तर डिनोटिफाई करने पर भड़के विपक्ष का पहले ही दिन वॉकआउट

0
52

धर्मशाला स्थित तपावेन में हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के शीत सत्र के पहले दिन ही सदन में हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 24-25 दिन बाद शपथ हो रही है जिस तरह से बदले की भावना से काम हो रहा है। ऐसा कभी कभी नहीं हुआ। विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले जयराम ठाकुर ने यह मामला उठाया। प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार टोकते रहे कि अभी शपथ होने दें। भाजपा विधायक अपनी सीट पर खड़े हो गए और हंगामा करते रहे।

बता दें कि हिमाचल की 14वीं विधानसभा के पहले सत्र का पहला दिन ही हंगामेदार रहा। सत्र में विधायकों की शपथ के बाद विपक्ष ने सदन से वॉक आउट किया। इससे पहले दफ्तर डिनोटिफाई करने के मुद्दे पर सदन में चर्चा हुई। इसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि यदि विपक्ष बताएगा कि नए खोले गए किन स्कूलों में आपकी सरकार ने कितना स्टाफ भर्ती किया था तो इस पर चर्चा की जा सकती है।

राज्य में पहली बार हुआ कि पहले सैशन में विपक्ष का वॉकआउट

इस पर विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉक आउट कर दिया। सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष में काफी देर तक नोंक-झोंक चलती रही। प्रदेश में यह पहली बार हुआ है, जब किसी भी सरकार के पहले सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने वॉक आउट और इतना हंगामा किया हो। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने सचिव को विधायकों की सूची पेश करने को कहा तो उसके बाद हंगामा हो गया। भाजपा विधायकों ने नारेबाजी शुरू की। प्रोटेम स्पीकर समझाने का प्रयास करते रहे। 11 बजे सदन की कार्यवाही राष्ट्रगान से शुरू हुई और उसके बाद हंगामा हो गया।

सीएम सुक्खू ने जयराम को मुबारकबाद भी दी

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सामान्य परिस्थिति नहीं है। कैबिनेट को बनाए बगैर ही निर्णय हो रहे हैं। सब कुछ बंद किया जा रहा है। कैबिनेट भी बंद की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वह सबसे पहले जयराम ठाकुर को मुबारक देते हैं। 23 लोग भाजपा के जो चुनकर आए हैं। उनकी शपथ होने दें, उसके बाद ही इस पर बात होगी। सुक्खू ने प्रोटेम स्पीकर से आग्रह किया। प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने जयराम ठाकुर को कहा कि दो दिन बचे हैं उसमें बात करें। इसके बाद सदन में माहौल शांत हुआ ।

BJP ने खोले गैर जरूरी दफ्तर
मुख्यमंत्री ने कहा कि BJP ने प्रदेश में चुनावी बेला में 900 दफ्तर खोले। फिर भी प्रदेश की जनता ने BJP को नकार दिया। अब BJP जनादेश का अपमान कर रही है। पूर्व सरकार ने जगह-जगह गैर जरूरी दफ्तर खोले। जहां जरूरत होगी, वहां जरूरत के हिसाब से अब स्कूल, कॉलेज व चिकित्सा संस्थान खोले जाएंगे और इनमें स्टाफ की भर्ती की जाएगी। CM ने कहा कि पूर्व सरकार ने कई ऐसे CHC खोल दिए थे, जिन्हें फार्मासिस्ट और कई स्कूलों को चपड़ासी चला रहे थे।

बहाल किए जाएं डिनोटिफाई दफ्तर: जयराम
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में नए दफ्तर खोलने का फैसला कैबिनेट ने लिया है और बंद करने का फैसला भी कैबिनेट ही ले सकती है, मगर राज्य में अब तक कैबिनेट का गठन ही नहीं हो पाया है। ऐसे में सरकार इन संस्थानों को बंद नहीं कर सकती है। जो संस्थान बंद किए गए हैं, उन्हें बहाल किया जाना चाहिए। पूर्व में ऐसे संस्थान नहीं खोले गए, जिनके लिए पद सृजित न किए गए हों।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here