चंडीगढ़ के सेक्टर 7 के ग्राफो क्लब के बाहर लगभग 20 अज्ञात हमलावरों ने महिला स्टाफ से धक्का-मुक्की करते हुए उनके साथ मारपीट की, साथ ही क्लब मैनेजर के हाथ में चाकू मार उसे घायल कर दिया। जानकारी के मुताबिक हमलावर अपने साथ डंडे, तलवारें और चाकू लाए हुए थे। वहीं हमलावरों ने ईंटें उठाकर क्लब की तरफ फेंकी। यह पूरी वारदात क्लब के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो चुकी है। वहीं पुलिस अब मामले की जांच में लगी है। बीती शाम 4 से 5 बजे के बीच यह वारदात हुई।
अन्य क्लब के बाहर लड़ने के बाद इस क्लब में घुसने की कोशिश में थे हमलावार
वहीं एक हिंदी अखबार को जानकारी देते हुए ग्राफो क्लब के मालिक आकाश ने बताया कि उनका स्टाफ शाम को लगभग 4 बजे सामान्य की तरह काउंटर पर था। इतने में द वॉल्ट क्लब के बाहर एक लड़ाई हुई। जिसके बाद कुछ अज्ञात युवकों ने उनके क्लब में आकर घुसने की कोशिश की। जब इन्हें रोकने की कोशिश की गई थी। इसी दौरान उनके स्टाफ पर हमला हुआ। आकाश ने बताया कि द वॉल्ट क्लब में एक पार्टी चल रही थी, जिसमें कई लोग मौजूद थे।
हंगामा और हमला कर फरार हुए हमलावर
आकाश के मुताबिक हमलावरों ने उनकी स्टोर मैनेजर समेत तीन महिला कर्मियों के साथ मारपीट की। महिला कर्मियों का गला पकड़ खींचातानी की गई। वहीं हमलावरों को शांत करवाने के लिए बार के मैनेजर राज पहुंचे। आकाश के मुताबिक युवक तेज धार हथियार लिए हुए थे। उनके पास चाकू था। जिससे बार मैनेजर का हाथ कट गया। अगर बार मैनेजर बीच में न आते तो हमलावर एक महिला कर्मी को चाकू मारने लगे थे। हमलावर तोड़फोड़ कर फरार हो गए।
मौके पर पुलिस ने पहुंचकर लिया बयान, घटना CCTV में कैद
घटना की पूरी CCTV फुटेज पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच क्लब के मालिक समेत स्टाफ कर्मियों व मैनेजर राज का बयान लिया और राज की MLR काट जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पुलिस ने द वॉल्ट से भी आरोपियों की CCTV फुटेज मांगी है। क्लब मालिक के मुताबिक 20 के लगभग हमलावरों ने उनके क्लब के बाहर मारपीट और तोड़फोड़ की। उनके पास डंडे, तलवारें और चाकू थे। उन्होंने अपना चेहरा ढका हुआ था। वहीं क्लब के बाहर ईंटें भी चलाई गई। क्लब के मालिक ने कहा कि उनके स्टाफ की किसी आरोपी से पुरानी रंजिश नहीं थी मगर जिस प्रकार हमला किया गया वह पहले से ही ‘प्लांड’ प्रतीत हुआ।
महिला कर्मी को डंडे मारने की कोशिश
क्लब की एक महिला कर्मी ने बताया कि वह अपना काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक भागता हुआ आया कि आरोपी हमलावर उसे मार देंगे। उसके बाद हमलावर युवक क्लब में अंदर आने के लिए भाग कर आए। उन्हें रोकने की कोशिश की गई मगर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। महिला कर्मी ने बताया कि आरोपियों ने उसे डंडे से मारने की कोशिश की और जोर से धक्का दिया। वहीं चाकू लेकर उन्हें मारने की कोशिश की। इतने में उनके मैनेजर राज ने उन्हें बचाया और चाकू उनके हाथ में लग गया। महिला स्टाफ ने बताया कि हमलावरों ने उनके क्लब पर ईंटें भी चलाई। वहीं बाकी दो महिला कर्मियों ने भी उनके साथ हुई घटना की जानकारी दी। महिला कर्मियों ने बताया कि उनके मेल स्टाफ ने उन्हें बचाया। ग्राफो क्लब कर्मियों ने बताया कि उनके यहां रात को पार्टी होनी थी। शाम को बाउंसर भी नहीं थे।