AAP ने चंडीगढ़ यूनिट के पूरे ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर को किया भंग, अध्यक्ष की तलाश शुरु

0
44

आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ यूनिट के ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर को पूरी तरह से भंग कर दिया है। अब नए सिरे से पार्टी का गठन होगा और नई जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। अभी तक चंडीगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रेम गर्ग के पास थी और वह कई साल से इस पद पर काबिज थे। वहीं, अब नए अध्यक्ष को लेकर भी तलाश शुरू हो गई है।

इस संबंध में शनिवार को पार्टी ने आधिकारिक सूचना जारी की। हालांकि पार्टी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में चंडीगढ़ की नई कार्यकारिणी का गठन हो जाएगा। इस समय चंडीगढ़ यूनिट के सह-प्रभारी के पद कुलवंत सिंह और प्रदीप छाबड़ा के पास थे।

उनमें भी बदलाव किया जाएगा। कुलवंत सिंह का कहना है कि रूटीन में पार्टी ऐसे फैसले लेती रही है। पार्टी हाईकमान ने निर्णय लिया है और कार्यकारिणी के नए सदस्यों के भी नाम जल्द घोषित कर दिए जाएंगे।

दो साल में मेयर नहीं बना पाई पार्टी

चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी ने 2021 में पहली बार नगर निगम चुनाव लड़ा था और पार्टी ने 35 में से 14 सीटें जीतकर धमाकेदार आगाज किया था। निगम चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी आप फिर भी दो साल में शहर में अपना मेयर नहीं बना सकी है। इस समय नगर निगम में आप और भाजपा दोनों के पास 14-14 पार्षद हैं जबकि कांग्रेस के पास 6 और शिरोमणि अकाली दल के पास 1 पार्षद है।

नेता विपक्ष को लेकर विवाद

अभी हाल ही में पार्टी ने विपक्ष के नेता के तौर पर दमनप्रीत सिंह को जिम्मेदारी दी है। लेकिन उनके नाम की घोषणा से पहले ही पार्टी में विवाद खड़ा हो गया था। पार्टी के कई पार्षदों ने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेटर लिखकर इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की थी। पार्षदों का कहना था कि सभी की सहमति से ये फैसला होना चाहिए था, लेकिन पार्टी ने गुपचुप तरीके से दमनप्रीत के नाम पर मुहर लगा दी।

लोकसभा चुनाव को लेकर लिया फैसला

पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए भी ये फैसला लिया गया है। नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी ने चंडीगढ़ के संगठन में कुछ नए चेहरों को शामिल किया था। अब लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है और इसलिए पार्टी संगठन में बदलाव कर रही है। कुछ दिन पहले पार्टी ने हरियाणा प्रदेश की कार्यकारिणी को भी भंग कर दिया था। वहां भी नए सिरे से कार्यकारिणी का गठन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here