पंजाब के CM भगवंत मान ने साल के पहले दिन सोहाना स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां में पत्नी डा. गुरप्रीत कौर के साथ माथा टेका। उनके साथ उनकी माता जी भी मौजूद रहीं। सीएम ने राज्य की शांति, सद्भावना, विकास और खुशहाली के लिए अरदास की। CM ने लोगों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए पंजाब और दुनिया भर में रहने वाले पंजाबियों के लिए नव वर्ष 2023 के अमन-शांति और खुशहाली लेकर आने की अरदास की।

भगवंत मान ने तस्वीरें सांझा करते हुए सभी को नव वर्ष की बधाई देते हुए लिखा कि गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना में नव वर्ष के मौके पर परिवार सहित नतमस्तक होने का शुभ समय मिला। गुरु के चरणों में माथा टेका। पंजाब और पंजाबियों की चढ़दीकलां के लिए गुरु साहिब से अरदास की। नया साल सभी के लिए खुशियों की सौगात लेकर आए
CM ने आजादी के महान बलिदानियों के सपनों को साकार करने के लिए पंजाब सरकार की वचनबद्धता को दोहराया। ताकि विकास का असर जमीनी स्तर पर दिखे और विशेष रूप से गरीब वर्ग के जीवन को सुखदायी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाईचारे, शांति और सद्भावना के बंधनों को मजबूत करने के साथ हर पक्ष से विकास और विकास के युग की शुरुआत करने को अग्रसर है। इसके लिए सभी पंजाबियों को पूरे जोश के साथ काम करना चाहिए।
CM मान ने लोगों को धर्मनिरपेक्षता, प्रभुसत्ता, सद्भावना और राष्ट्रीय एकता के सम्मान-कीमत को कायम रखने के लिए सामूहिक जोश से काम करने की वचनबद्धता के साथ साल 2023 का स्वागत करने को कहा।