पंजाब के लुधियाना में कस्बा माछीवाड़ा के सिकंदरपुर गांव में शादी की सालगिरह पर दरवाजा खोलने में समय लगाने पर एक व्यक्ति ने भाभी (भाई की पत्नी) की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। आरोपी शव को बोरे में भरकर खेत में फेंक कर फरार हो गया। हत्यारोपी ने कत्ल की वारदात को अपने स्मार्ट फोन में रिकॉर्ड कर अपने एक दोस्त को वीडियो भेज दिया। दोस्त ने वो वीडियो महिला के पति को भेज दिया। मृतका की पहचान मुस्कान (30) के तौर पर हुई है।
बता दें कि हत्या करने के बाद आरोपी ने फर्श से खून धोया और पीड़िता की एक वर्षीय बेटी को अपने एक पड़ोसी को पकड़ा कर भाग गया। माछीवाड़ा पुलिस ने 32 वर्षीय अमरीक सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वह एक शराबी है। घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
6 महीने से पत्नी नहीं थी साथ
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमरीक सिंह की पत्नी 6 महीने से अलग रहने लगी थी। उसको शक था कि मुस्कान ने ही उसके और उसकी पत्नी के बीच मतभेद पैदा किए हैं। वह मुस्कान के खिलाफ रंजिश रखता था। मुस्कान ने घर का दरवाजा खोलने में देरी की तो उसने गुस्से में आकर हत्या कर दी।
खेत में पड़े बोरे से बरामद हुआ शव
समराला के DSP वरयाम सिंह ने बताया कि सिकंदरपुर के राज सिंह ने पुलिस में शिकायत दी कि उसके बड़े भाई अमरीक सिंह ने उसकी पत्नी मुस्कान की हत्या की है। पुलिस उनके घर पहुंची तो फर्श से खून साफ किया गया था। कुछ देर बाद शव घर के पास खेत में पड़े बंद बोरे से बरामद हुआ। आरोपी फरार होने के प्रयास में था,लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद वीडियो बना दोस्त को भेजा
DSP वरयाम ने कहा कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह घर लौटा तो मुस्कान ने कुछ देर तक दरवाजा नहीं खोला। इंतजार से गुस्से में आकर उसने तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी। हत्या का वीडियो बनाकर अपने एक दोस्त जतिंदर सिंह को भेज दिया। इसके बाद शव को बोरे में डालकर खेत में फेंक दिया
पड़ोसी को सौंपी बेटी
इसी बीच पीड़िता की एक साल की बेटी जाग गई और रोने लगी। उसने बच्ची को पड़ोसी को सौंप दिया और फरार हो गया। DSP ने कहा कि उसने करीब एक साल पहले मुस्कान की एक दोस्त से शादी की थी। 6 महीने पहले उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया और अलग रहने लगी। वह इसके लिए मुस्कान पर शक करता था।
2 साल पहले की थी शादी
मृतका के पति राज सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने 2 साल पहले दिल्ली की रहने वाली मुस्कान से शादी की थी और उसकी एक साल की बेटी है। शादी की वर्षगांठ पर ही उसके भाई ने मुस्कान को उससे छीन लिया। वह एक दुकान पर काम करता है। उन्हें हत्या के बारे में शाम को पता चला जब जतिंदर सिंह ने उन्हें अमरीक सिंह द्वारा भेजा गया वीडियो भेजा।
DSP ने आगे कहा कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ मछीवाड़ा में किराए के मकान में रहते थे। पांच दिन पहले वह अपने पैतृक गांव सिकंदरपुर चले गए थे, क्योंकि वह किराए के आवास में रहने का खर्च वहन करने में असमर्थ थे।