पंजाब में विरोध के बीच आज डेरा सच्चा सौदा मुखी राम रहीम की आज सत्संग है। राम रहीम यूपी के बरनावा आश्रम से बठिंडा के सलाबतपुरा में ऑनलाइन सत्संग करेगा। जिसके लिए सलाबतपुरा में तैयारियां की जा चुकी हैं। संगत के लिए लंगर का भी प्रबंध हो चुका है। सलाबतपुरा हरियाणा के सिरसा के बाद दूसरा सबसे बड़ा आश्रम है। तकरीबन 5 साल के बाद राम रहीम इस आश्रम में सत्संग करने जा रहा है।
राम रहीम के सत्संग को लेकर पंजाब में सच्चा सौदा के सबसे बड़े डेरा सलाबतपुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डेरे के बाहर 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जिनकी अगुआई SP स्तर के 2 अफसर कर रहे हैं। इसके अलावा 4 टीमें स्टैंड बाई में रखी गई है। सिख संगठनों की तरफ से सत्संग का विरोध रोकने को लेकर पुलिस अलर्ट पर है।
विवादों से पुराना नाता
बठिंडा का सलाबतपुरा आश्रम 2010 के बाद विवादों में आया था। इसी आश्रम में राम रहीम ने खुद को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के अवतार में ढालने का प्रयास किया और संगत के बीच आया था। जिसके बाद सिख संगत में उसके खिलाफ विरोध बढ़ गया था।
क्यों किया डेरे में सत्संग का फैसला
25 जनवरी को शाह सतनाम के जन्मदिवस पर सिरसा में हुए समागम के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाले अनुयायियों ने उन्हें रोकने के आरोप लगाए थे। इस पर राम रहीम ने जब अपने डेरा प्रबंधन से जवाब मांगा तो उन्होंने कहा था कि जगह की कमी की वजह से दूसरे राज्य के अनुयायियों को डेरे में आने से रोका गया था। इसके बाद राम रहीम ने अन्य डेरों में भी ऑनलाइन सत्संग की घोषणा की थी।