गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब BJP के प्रभारी विजय रूपाणी सोमवार सुबह गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अमृतसर में प्रदेश इकाई की बैठक करने की बात कही। वहीं उन्होंने पंजाब के झांकी प्रदर्शन को 26 जनवरी परेड से बाहर निकलने के पीछे राज्य सरकार को कसूरवार ठहराया।
माधव विद्या निकेतन में चल रहे भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विजय रूपाणी अमृतसर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अमृतसर पंजाब की सांस्कृतिक राजधानी है। यही कारण है कि यह सभा अमृतसर में आयोजित की गई है। अमृतसर आकर गुरुओं का आशीर्वाद लेना बनता ही है। इसके साथ ही वह दुर्गियाणा मंदिर में भी नतमस्तक हुए।
भाजपा का लक्ष्य पंजाब में विस्तार
विजय रूपाणी ने कहा कि पंजाब में भाजपा का लक्ष्य विस्तार करना है। भाजपा 2024 के लक्ष्य की तरफ अग्रसर है। उसी के लिए यह बैठक आयोजित की गई है ताकि पंजाब से अधिक से अधिक सांसद नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने में योगदान दें।
विजय रूपानी का पंजाब में पहला दौरा
पंजाब BJP प्रधान अश्वनी शर्मा ने बताया कि पंजाब प्रभारी विजय रूपानी का यह पहला दौरा है। जिसके लिए वह गोल्डन टेंपल नतमस्तक होने पहुंचे हैं। इसके बाद वह दुर्गियाणा मंदिर में भी नतमस्तक होंगे। वहीं आज कार्यकारिणी की बैठक का आखिरी दिन है। कल जहां जिला अध्यक्ष इकट्ठे हुए थे, आज वहीं जिलों के अन्य पदाधिकारी भी भाग लेने पहुंच रहे हैं।